बनूटी में खेल महाकुंभ 2026 का आगाज, 10 हजार के करीब खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

शिमला ग्रामीण में 600 करोड़ के विकास कार्यों का दावा, प्रदेश में PWD और शहरी विकास विभागों के जरिए खर्च हुए 10 हजार करोड़ रुपये

शिमला। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में रविवार को खेल महाकुंभ 2026 का शुभारंभ लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। इस आयोजन में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को विभिन्न खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिताओं में लगभग 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल विकास कार्य करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना भी महत्वपूर्ण है। खेल महाकुंभ इसी सोच के साथ आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन लगभग 20 दिनों तक चलेगा और इसका समापन 15 नवंबर को सुन्नी में होगा।

कबड्डी, क्रिकेट से लेकर बॉक्सिंग तक होंगी प्रतियोगिताएं

खेल महाकुंभ में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही मॉडलिंग, फैशन शो और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इस वर्ष पहली बार बॉक्सिंग को भी स्थान दिया गया है। इसके शुरुआती मुकाबलों में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

निष्पक्ष प्रतियोगिताओं पर रहेगा जोर

मंत्री ने आयोजन समिति के सदस्यों, रेफरी और अंपायरों से सभी मुकाबलों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का मकसद केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जोड़ना और उन्हें समान अवसर प्रदान करना भी है।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। साथ ही, प्रतियोगिताओं में किसी भी प्रकार के पक्षपात या अनुचित व्यवहार को स्वीकार नहीं किए जाने की बात कही।

चार वर्षों में शिमला ग्रामीण में 600 करोड़ के विकास कार्य

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों के दौरान शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। उनके अनुसार, लोक निर्माण और शहरी विकास विभागों के माध्यम से पूरे प्रदेश में करीब 10,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण को बुनियादी सुविधाओं, विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनका लक्ष्य है।

मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान शिमला ग्रामीण में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए थे। उन्होंने डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और राजा वीरभद्र सिंह की विकासवादी सोच का उल्लेख करते हुए क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिमाचल के हितों के लिए मजबूती से उठाई जाएगी आवाज

मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विनम्रता के साथ अपनी बात रखना कमजोरी नहीं है और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से पैरवी की जाएगी।

उन्होंने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। उनके अनुसार, विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत है, जबकि शिमला ग्रामीण के विकास को बाधित करने वाले प्रयासों का विरोध किया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण और युवाओं के रोजगार पर जोर

विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं के सहयोग के लिए आभार जताते हुए उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार करने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि बनूटी मैदान में पहले भी रोजगार शिविर आयोजित किए जा चुके हैं और युवाओं को सरकारी तथा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास, सामाजिक उत्थान और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान को प्राथमिकता देने की बात कही।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

  • क्रिकेट: विजेता को ₹2 लाख, उपविजेता को ₹1 लाख और मैन ऑफ द टूर्नामेंट को ₹10,000।
  • बैडमिंटन: विजेता को ₹15,000 और उपविजेता को ₹7,500।
  • वॉलीबॉल: विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता को ₹25,000।
  • पुरुष एवं महिला कबड्डी: विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता को ₹25,000।
  • रस्साकशी: विजेता टीम को ₹50,000 और उपविजेता को ₹25,000।
  • लोक नृत्य: प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹10,000 और द्वितीय स्थान पर रहने वाले को ₹5,000।

इसके अतिरिक्त फैशन शो एवं मॉडलिंग, म्यूजिकल चेयर और अन्य प्रतियोगिताओं में भी विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोहन लाल और चरणजीत लाल, कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन बृजलाल, चंद्रशेखर शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, इंद्रजीत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष टूटू देविंद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जीत सिंह ठाकुर, कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर, अनीता शर्मा, प्रभा वर्मा, विकास काल्टा, किरण शर्मा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, प्रदीप वर्मा, दिलबर कुमारी, प्रेमलता, लालचंद ठाकुर, डॉ. मस्तराम, राजेश शर्मा और सरोज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

संबंधित समाचार

कुल्लू में मुक्केबाजी प्रतियोगिता संपन्न, उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने विजेताओं को मेडल देकर किया सम्मानित

कुल्लू। जिला कुल्लू में आयोजित मुक्केबाजी प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा...

राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का किया शुभारंभ

भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, कर्तव्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की देता है प्रेरणा: राज्यपाल राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज ऐतिहासिक ढालपुर...

खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं का शरीर और मस्तिष्क बनते हैं स्वस्थ व सुदृढ़: रोहित ठाकुर

जुब्बल के ढाडी में विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन, युवक मंडल को ₹50 हजार देने की घोषणा जुब्बल (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा...

लेटस्ट न्यूज