शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सुबह और शाम की ठंड बढ़ने के साथ ही मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है।
लाहौल-स्पीति में बर्फबारी, रेस्क्यू किए गए फंसे वाहन
रविवार को लाहौल-स्पीति में हुई अचानक बर्फबारी से हालात चुनौतीपूर्ण हो गए। जांस्कर घाटी से शिंकुला पास के रास्ते लाहौल आ रहे कई दोपहिया और 4×2 वाहन बर्फ में फंस गए। सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और फंसे हुए लोगों व उनके वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रशासन का सख्त कदम: इन वाहनों की एंट्री बैन
सड़कों पर बर्फ जमने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़े कदम उठाए हैं। दारचा से बारालाचा ला और शिंकुला पास की ओर जाने वाले रास्तों पर अब 4×2 वाहनों और सभी दोपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है।
पुलिस की खास एडवाइजरी: डीएसपी मुख्यालय (केलांग) केडी शर्मा ने हिदायत दी है कि:
- खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों की गैर-जरूरी यात्रा करने से बचें।
- अगर जाना बहुत जरूरी हो, तो केवल 4×4 वाहनों का ही इस्तेमाल करें।
- बर्फीली सड़कों पर सुरक्षा के लिए गाड़ी में स्नो चेन (Snow Chain) जरूर साथ रखें।
- घर से निकलने से पहले मौसम और रास्तों की ताजा स्थिति का अपडेट जरूर लें।
सुझाव: पहाड़ी इलाकों में सफर करने वाले लोग ट्रैफिक एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें और जिन रास्तों पर मनाही है, वहां जाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
















