Home अपना हिमाचल खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं का शरीर और मस्तिष्क बनते हैं स्वस्थ व...

खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं का शरीर और मस्तिष्क बनते हैं स्वस्थ व सुदृढ़: रोहित ठाकुर

जुब्बल के ढाडी में विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन, युवक मंडल को ₹50 हजार देने की घोषणा

जुब्बल (शिमला)। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से युवा स्वस्थ और सुदृढ़ बनते हैं तथा उन्हें नशे और अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने यह बात जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के ढाडी में नवयुवक मंडल ढाडी द्वारा आयोजित विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और आयोजकों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

युवक मंडल को ₹50 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्थानीय युवक मंडल को प्रोत्साहित करने के लिए 50 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और युवाओं में अनुशासन, टीम भावना तथा आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

वॉलीबाल हिमाचल का लोकप्रिय खेल

रोहित ठाकुर ने कहा कि वॉलीबाल पहाड़ी क्षेत्रों का एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय खेल है। विशेष रूप से शिमला जिला ने इस खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले 70 वर्षों में प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या आठ थी, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इन छात्रावासों में प्रदेशभर के खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि खेल कोटे के माध्यम से 300 युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है, जिससे खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर भविष्य बनाने के अवसर मिले हैं।

शुराचली क्षेत्र के विकास को दी जा रही प्राथमिकता

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शुराचली क्षेत्र के साथ उनका भावनात्मक और पारिवारिक संबंध है तथा क्षेत्र के विकास को वह हमेशा प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सरस्वती नगर-झड़ाशली मार्ग को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चार करोड़ रुपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और 11 नई सड़कों को पक्का किया गया है। वार्षिक मरम्मत योजना के तहत एक करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबी भोलाड़-छुपाड़ी सड़क को भी स्तरोन्नत किया गया है।

भोलाड़ में पीएचसी का निर्माण कार्य जारी

रोहित ठाकुर ने बताया कि भोलाड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निर्माण कार्य एक करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण कार्य 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस स्वास्थ्य संस्थान के बनने से शुराचली क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा पब्बर नदी पर चामशू में 5 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल के बनने से जुब्बल के साथ-साथ रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा। शिक्षा मंत्री के अनुसार, पिछले चार वर्षों के कार्यकाल में शुराचली और खनाशनी क्षेत्रों में 35 नई सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जबकि पूरे जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 193 नई सड़कों को मंजूरी मिली है।

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार के प्रयास

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। इसी तरह परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में भी प्रदेश ने 18वें स्थान से तीसरा स्थान हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल प्रदेश ने गोवा के बाद देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि हासिल की है।

शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे 5 हजार अन्य पद

रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में अब तक लगभग 10 हजार पद भरे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त पांच हजार अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इससे शिक्षा विभाग में भरे जाने वाले पदों की कुल संख्या लगभग 15 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

मां हाटेश्वरी मंदिर में लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम से पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाटकोटी पहुंचकर मां हाटेश्वरी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

ये रहे उपस्थित

समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, ग्राम पंचायत रावीं की प्रधान कौशल्या बाल्टू, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, सेवानिवृत्त एसपी भगत सिंह ठाकुर, नवयुवक मंडल के प्रधान पुनीत पनाटू, यशपाल पनाटू सहित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous articleहिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे 5,000 पद
Next articleराज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का किया शुभारंभ