आंगनबाड़ी व क्रैच पदों के लिए 7 और 9 अक्तूबर को होंगे साक्षात्कार

चुवाड़ी। बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी, जिला चंबा की ओर से उपमंडल भटियात और डलहौजी में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, क्रैच कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं होने के चलते विभाग ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर दिया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी, चुवाड़ी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

वहीं, भर्ती के लिए साक्षात्कार की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। पहले भटियात उपमंडल के लिए साक्षात्कार 8 सितंबर 2026 और डलहौजी उपमंडल के लिए 11 सितंबर 2026 को निर्धारित किए गए थे। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत भटियात में 7 अक्तूबर 2026 तथा डलहौजी में 9 अक्तूबर 2026 को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पत्र पहले ही संबंधित कार्यालय में जमा कर दिए हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनके पूर्व में जमा आवेदन ही भर्ती प्रक्रिया के लिए मान्य होंगे।

विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से संशोधित तिथियों का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन जमा करने तथा निर्धारित तिथि को साक्षात्कार में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

Related Articles

जॉब करियर

Latest Articles